इकदिल। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर सराय जलाल ओवरब्रिज के ऊपर बृहस्पतिवार रात सड़क हादसे में तीन साल के मासूम की मौत हो गई जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम चांदनपुरा निवासी तरुण उर्फ वकील (3) पुत्र दिवंगत सुमित, अपने मामा हिम्मत सिंह निवासी बेरी खेड़ा, लखना के साथ बाइक से गुरुवार रात गांव जा रहा था। रास्ते में सराय जलाल ओवरब्रिज पर ज्ञान स्थली के पास ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उन्हें रात करीब 8:30 बजे बकेवर के 50 शैया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. रविंद्र कुमार साहू ने मासूम तरुण को मृत घोषित कर दिया। घायल हिम्मत सिंह का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही इकदिल थाना पुलिस के उपनिरीक्षक सूर्यवीर सिंह टीम के साथ अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक तरुण के पिता सुमित की करीब डेढ़ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। घर में मां शिल्पी और दो छोटी बहनें तन्वी व तन्नो हैं। तरुण परिवार का इकलौता बेटा था।