इटावा। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनपद में 3692 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को 79 बैचों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 60 फील्ड ट्रेनरों की तैनाती की गई है। सोमवार को पहले चरण में नौ प्रशिक्षण केंद्रों पर 27 बैचों का प्रशिक्षण शुरू हुआ, जिसमें करीब 1500 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
सुदिति ग्लोबल एकेडमी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की उपस्थिति में सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी विपन कुमार, एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर, जिला जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा, स्टेट मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा और मोहम्मद जावेद खान समेत संबंधित अधिकारी व प्रशिक्षक मौजूद रहे।
जनपद में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी। इसके लिए नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली एसई आईडी सुरक्षित रखनी होगी और प्रगणक के संपर्क करने पर उसे उपलब्ध कराना होगा। जनसंख्या गणना एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक होगी।
इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण चरण चलेगा। प्रशासन का उद्देश्य कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण देकर सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े संकलित कराना है।