अमर उजाला ब्यूरो
ऊसराहार।
तबादला के ढाई महीने बाद भी मुकदमे की केस डायरी अपने पास रखने वाले दरोगा के मामले की जांच के आदेश एसएसपी वैभव कृष्ण ने दिए हैं। इसकी जांच भरथना सीओ करेंगे। वहीं, उक्त दरोगा अभी तक केस डायरी लेकर थाने नहीं पहुंचे हैं।
थाना ऊसराहार में ढाई महीने पहले तैनात रहे चौकी इंचार्ज खरगपुर सरैया बृजेंद्र शर्मा का तबादला बीते चार अगस्त को बकेवर थाना हुआ था। जिसके बाद वह अपने साथ ही अपराध संख्या 209 से संबंधित जांच की केस डायरी को भी साथ ले गए थे। मामला अखबारों में आने के बाद विभाग ने गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच करवाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में एसएसपी वैभव कृष्ण ने दरोगा की जांच के निर्देश भरथना सीओ विकास जायसवाल को सौंपी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवप्रकाश रावत ने बताया कि उन्होंने केस डायरी जमा करने के लिए दरोगा को सूचित कर दिया है। अभी तक वह केस डायरी लेकर थाना नहीं आए हैं। वहीं, इस संबंध में एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि केस डायरी ले जाने के मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही हकीकत सामने आएगी।
- एसएसपी ने सीओ भरथना को सौंपी दरोगा की जांच
- तबादला होने पर केस डायरी साथ ले जाने का मामला
फॉलोअप