इटावा। नारायण ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के टैगोर ऑडिटोरियम सभागार में शनिवार को एक दिवसीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनजीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी इं अंकित तिवारी व मुख्य सलाहकार डॉ श्रेता तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया ।
इं अंकित तिवारी ने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान करना हमारा पहला कर्तव्य भी होना चाहिए। हर काम छोड़कर हम सबको मतदान करना चाहिए क्योंकि इससे ही एक मजबूत व शक्तिशाली भारत का निर्माण भी होता है । एनजीआई की मुख्य सलाहकार डॉ. श्रेता तिवारी ने कहा कि हमें युवा पीढ़ी व उनके भविष्य के लिए वोट करना चाहिए।
प्राचार्य बीटीसी योगेश दुबे ने सभी से मतदान करने की अपील की। प्राचार्य उच्च शिक्षा डॉ राजू सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सभी का मतदान करना बेहद जरूरी है। संयोजक व एनजीआई के उपप्राचार्य डॉ. आशीष त्रिपाठी ने कहा कि आप अपनी उंगली पर लगी नीली स्याही की अभूतपूर्व ताकत को पहचानें। कहा कि किसी अच्छे व्यक्ति को अपना पांच साल का भविष्य सौंपे।
कार्यक्रम की अगली शृंखला में बीटीसी की छात्राओं में शिवानी एंड ग्रुप ने सुंदर राजस्थानी समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मतदान करने का संदेश भी दिया। प्रस्तुति पर खूब तालियां बजीं। स्ट्रीट प्ले में प्रतिभाग करते हुए बीटीसी बीबी, बीसीए बीएससी के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार व सशक्त प्रस्तुति देकर तालियां बटोरी।
इसका सफल निर्देशन क्षितिज दीक्षित ने किया। भाषण प्रतियोगिता में ज्योति ने कहा कि आप हमेशा अपने फायदे के लिए नहीं देश की खुशहाली के लिए वोट करें । निशि ने कहा कि हमारे वोट न देने से कभी कभी अयोग्य लोग भी चुनाव जीत जाते हैं। बीटीसी के छात्र अमित ने कहा कि शादी करने से पहले रिश्तेदार लड़की या लड़के की पूरी जानकारी करते हैं।
इसी तरह उम्मीदवार नेता का आंकलन करना चाहिए। बीसीए की छात्रा रचना कपाड़िया ने लड़कियों से मतदान करने का आह्वान किया। बीटीसी की छात्रा कल्पना ने कहा कि यदि हम सबको एक सशक्त भारत का निर्माण करना है तो वोट करना ही होगा । बीएससी के छात्र प्रशांत ने कविता के माध्यम से वोट करने का अनुरोध किया। पोस्टर प्रतियोगिता में कल्पना प्रथम, निकिता व शुषमा द्वितीय एवं शिवानी कुमारी तृतीय रहीं । डांस ग्रुप शिवानी, शिवानी कुमारी, योगिता, ज्योति पांडे रोली यादव, पूजा, दीपाली, स्ट्रीट प्ले में अतुल पाल, अमित इंद्रपाल आदि शामिल रहे।