अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। आईटीआई के पास डाक लेकर वैदपुरा थाने जा रहे एक सिपाही को वाहन ने रौंद दिया। सिपाही हेलमेट नहीं लगाए था। टक्कर लगने से वह सड़क पर जा गिरा और उसके सिर पर गंभीर चोट आई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद में परिजन उसके शव को लेकर अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।
बुलंदशहर के थाना शिकारपुर क्षेत्र के गांव रामवास निवासी राम कुमार (32) वर्ष 2006 में पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वह इटावा में तैनात थे। पिछले कुछ समय से उसकी ड्यूटी पुलिस लाइन में थी। गुरुवार की सुबह करीब छह बजे वह ड्यूटी समाप्त कर वैदपुरा थाने की डाक लेकर निकले। आईटीआई के पास वाहन ने उसे रौंद दिया। प्रभारी निरीक्षक फ्रेंड्स कालोनी भोलू सिंह भाटी मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वाहन चालक भाग निकला है, उसकी तलाश की जा रही है।
सिपाही राम कुमार के शव को पोस्ट मार्टम होने के बाद पुलिस लाइन लाया गया। पुलिस लाइन में अधिकारियों के अलावा पुलिस कर्मियों ने सलामी दी। सलामी के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया । इस अवसर पर एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव सीओ सिटी अंजनी कुमार चतुर्वेदी सीओ जसवंत नगर वैभव पांडे के अलावा प्रभारी निरीक्षक फ्रेंड्स कालोनी भोलू सिंह भाटी प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन संजय त्यागी के अलावा अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। एसएसपी के अलावा अन्य अधिकारियों ने उसके शव को कंधा दिया।
- आईटीआई के पास हुआ हादसा, डाक लेकर जा रहे थे थाने