अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बदायूं से इटावा चार्ज लेने आ रहे नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक निर्मल चंद बिष्ट की कार चौबिया थाना क्षेत्र के कर्री चौकी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि जिस कार में सीओ निर्मलचंद बिष्ट का परिवार था उसी के साथ उनका सामान लेकर चल रहा वाहन बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर नाले में पलट गया। दुर्घटना में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक अपने परिवार के साथ गुरुवार को जनपद में चार्ज ग्रहण करने आ रहे थे। उनके वाहन के साथ में एक अन्य वाहन भी था, जिसमें उनका सामान रखा हुआ था। इसी बीच चौबिया थाना क्षेत्र के कर्री चौकी के पास एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर मेें सामान से भरे वाहन का ड्राइवर सिपाही अपना नियंत्रण खो बैठा और यह नाले में पलट गया। सौभाग्य से सड़क दुर्घटना में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन को निकाला गया। बाद में दूसरा वाहन मंगवाकर सामान को गंतव्य तक पहुंचाया गया।
-भरा था सामान, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी