एटा। बागवाला थाना क्षेत्र के नगला गुलाबी गांव में रविवार तड़के करीब 4 बजे 26 साल के युवक का शव घर के बाहर संदिग्ध हालत में मिला। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। वहीं मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाया है।
नगला गुलाबी निवासी शशिकांत (26) के बड़े भाई संजीव कुमार ने बताया कि वह शनिवार की शाम को गांव में ही दावत खाने के लिए गया था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। देर रात गश्त करने निकली पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 4 बजे उसका शव गांव के बाहर किशनपाल की सबमर्सिबल के पास सड़क किनारे पड़ा देखा।
सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे तो शशिकांत का शव देख चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। वहीं बड़े भाई संजीव कुमार ने हत्या की आशंका जताई है। एसएचओ बागवाला ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।