एटा। जैथरा क्षेत्र के गांव खेतूपुरा में घर की बिजली सही करते समय करंट लगने से ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीखपुकार मच गई। परिजन शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव खेतूपुरा निवासी रमन यादव (30) ट्रक चालक था। उसके भाई आशु यादव ने बताया कि शनिवार की शाम करीब सात बजे घर की बिजली में कुछ खराबी आ गई थी। रमन घर पर ही बिजली को सही करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही रमन गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घर में मौजूद परिजन में अफरातफरी मच गई।
आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रमन की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।