जलेसर। क्षेत्र के गांव भ्याऊ के मंदिर से पीतल के घंटे चोरी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी में शामिल अन्य दो चोर की तलाश की जा रही है। एक माह पहले हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से खुलासा किया है।
गांव के शिवसिंह ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी जिसमें उन्होंने बताया था कि गांव के मंदिर पर पुजारी जोगेंद्र पूजा-पाठ और देखरेख करते हैं। 25 सितंबर की मध्यरात्रि को तीन चोर मंदिर में घुसकर पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। अचानक नींद से जागने पर पुजारी ने शोर मचाया लेकिन चोर घंटे लेकर भाग गए। शोर सुनकर जागे ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया लेकिन चोर अंधेरे में भाग जाने में सफल रहे।
चोरी गए घंटों का वजन करीब 33 किलो था। शिवसिंह की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालते हुए एक युवक की पहचान कर ली। सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गांव रनौसा के राहुल को पुलिस ने आगरा रोड से शनिवार की रात को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो पीतल के घंटे बरामद किए हैं।