जैथरा। क्षेत्र के गांव रूपधनी निवासी युवक ने गुरुग्राम में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसके दस्तावेज का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म बनाने और जीएसटी चोरी करने का आरोप लगाया है। उसने न्यायालय के आदेश पर पड़ोस के गांव के युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नगला रूपधनी के रंजीत के अनुसार वह पुलिस भर्ती की तैयार कर रहे थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से उसे नौकरी की तलाश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम लखनपुरा निवासी चंद्रशेखर उर्फ गुड्डू ने उसे गुरुग्राम में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके लिए आरोपी ने उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और कुछ खाली कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। नौकरी दिलाने के बजाय आरोपी ने इन दस्तावेज का दुरुपयोग कर उसके नाम से फर्जी फर्म बना ली।
इसके बाद फर्म में व्यापारिक लेनदेन दर्शाते हुए आयकर रिटर्न दाखिल किया और जीएसटी की चोरी की। नौकरी के नाम पर ओटीपी लेकर रंजीत ट्रेडर्स नाम से फर्जी फर्म बनाई गई। इस पर शराब एवं तंबाकू के व्यापार दिखाया। 2.66 करोड़ की बिक्री दिखाई। सीओ राजेश कुमार का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।