एटा। शासन ने 1 मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों के टीकाकरण के निर्देश जारी किए थे लेकिन यहां वैक्सीन ही नहीं भेजी गई। इसके चलते शनिवार को टीकाकरण शुरू नहीं कराया गया। तमाम युवा टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे और निराश होकर लौट गए।
सरकार की घोषणा के बाद से ही युवाओं में वैक्सीन लगवाने के प्रति उत्साह बना हुआ था। बताया गया था कि इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी है, इसे भी तमाम युवाओं ने करा लिया। जबकि कुछ युवाओं का मानना था कि ऑफलाइन पंजीकरण का भी विकल्प रहेगा। शनिवार सुबह से ही कई युवा टीकाकरण केंद्र पर पहुंचने लगे। लेकिन बताया गया कि इस उम्र वालों के लिए अभी वैक्सीन नहीं आई है। वैक्सीन मिलने के बाद टीका लगाया जाएगा।
-------
बोले युवा
शुक्रवार को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया। रजिस्ट्रेशन हो भी गया। लेकिन शनिवार को वैक्सीन लगवाने पहुुंचे तो बताया गया कि वैक्सीन नहीं आई है।
मानवेंद्र, शिवपुरी
शनिवार की सुबह पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद असरोली में वैक्सीन लगवाने पहुंचे। जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन न होने की बात कही।
वीनेश, श्रंगार नगर निवासी
---------
28 बूथों पर हुआ टीकाकरण
शनिवार को जिले में 28 बूथों पर 45 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों को कोरोना का टीकाकरण कि गया। इस दौरान दोपहर तक महिला जिला अस्पताल में 63 व जिला अस्पताल में 85 लोगों को टीके लगाए गए। अन्य स्थानों पर टीकाकारण का कार्य जारी था।
वर्जन
युवाओं के लिए अभी वैक्सीन नहीं आई है। इसके चलते शनिवार को उनका टीकाकरण नहीं हुआ। वैक्सीन आते ही टीकाकरण शुरू कराया जाएगा। -डॉ. रामसिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी