एटा। टेंट का पाइप हाईटेंशन लाइन से छू जाने की वजह से मंगलवार की सुबह युवक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन युवक को जिला अस्पताल लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों में गुस्सा पनप गया और विद्युत निगम के दफ्तर पर प्रदर्शन किया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बदरिया निवासी अजीत कुमार (24) पुत्र पुष्पेंद्र कुमार की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे मौत हो गई। परिजनों ने बताया है कि टेंट का पाइप हाईटेंशन लाइन से छू जाने के चलते पाइप में करंट दौड़ने के साथ ही अजीत के शरीर से धुंआ निकलने लगा। ग्रामीणों ने उसे किसी तरह छुड़ाया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों में विद्युत निगम के प्रति गुस्सा फूट पड़ा और रेलवे रोड स्थित विद्युत निगम के दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। इससे पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन फानन एसडीएम सदर अबुल कलाम, सीओ सिटी राजकुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात इंद्रेशपाल सिंह और कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी तरह से ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में ही विद्युत निगम के अधिकारियों को बंच केबल डालने के लिए आग्रह किया जा चुका है, लेकिन निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी के चलते तारों को नहीं बदला गया। इसकी वजह से बड़ा हादसा हो गया। परिजनों ने बताया है कि युवक की कासगंज रोड पर टेंट की दुकान है। कुछ सामान घर पर रखा हुआ था, यहां से पाइप निकाल रहा था तभी हादसा हो गया। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।