अलीगंज। गांव चमन नगरिया में दिहाड़ी के रुपये मांगने पर एक युवक की पिटाई कर दी गई। आरोप है कि आरोपी ने युवक को दीवार पर पटककर मुंह पर कई मुक्के मारे। घायल को परिजन पुलिस के पास लेकर पहुंचे जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव चमन नगरिया निवासी अफसाना ने बताया कि करीब आठ दिन पहले एक युवक उनके बेटे अरमान को पांच हजार रुपये दिहाड़ी तय करके दिल्ली में रंगोली बेचने के लिए साथ ले गया था। चार दिन बाद दोनों घर लौट आए। अरमान ने दो दिन पहले अपनी दिहाड़ी के रुपये मांगे तो युवक ने पैसे देने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि रविवार शाम अरमान शौच के लिए घर से बाहर गया था। रास्ते में सलमान मिल गया। आरोप है कि उसने अरमान को दीवार पर पटक दिया और मुंह पर कई मुक्के मारे। मां ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी युवक गांजा, चरस और शराब का सेवन करता है।
सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे परिजन घायल अरमान को लेकर थाने पहुंचे थे। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।