मारहरा। क्षेत्र के पिवारी-रतिभानपुर मार्ग का निर्माण कार्य 14 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से कराया जा रहा है। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के बन जाने से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
यह मार्ग पिवारी गांव से शुरू होकर हजरतनगर, नगला ककरेट, हैदरी चौक और हनुमान चौक होते हुए रतिभानपुर तक जाता है। सड़क की हालत खराब होने के कारण राहगीरों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता था। खासकर किसानों, छात्रों और व्यापारियों को आने-जाने में दिक्कत होती थी।
स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर शासन ने सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। रविवार को कस्बे के हनुमान चौक पर सड़क निर्माण का कार्य तेजी से चलता दिखाई दिया। एक दर्जन से अधिक कर्मचारी और मशीनें निर्माण कार्य में जुटी हुई थीं। सड़क बनने से पिवारी, रतिभानपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
वर्जन -
रतिभानपुर से पिवारी तक 14 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। -आदर्श वर्मा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी