एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र के सकीट रोड स्थित जगन्नाथपुरी में 22 वर्षीय युवक ने शुक्रवार की रात को फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
मृतक के बड़े भाई अंकित ने बताया कि उसके छोटे भाई दीपक (22) की शादी 14 मई को जिला कासगंज के थाना सिढ़पुरा क्षेत्र स्थित गांव बकावली निवासी चांदनी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। 4 जून को चांदनी अपनी चाची बबली के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन बाजार में ही वह लापता हो गई। बबली ने इसकी जानकारी घर पर दी।
इसके बाद परिजन ने उसकी काफी तलाश की। वहीं ससुराल में भी उसके आने की पूछी गई लेकिन किसी ने उसके बारे में कोई ठीक से जानकारी नहीं दे पाई। इसके बाद पत्नी के गायब होने के बाद युवक मानसिक तनाव में रहने लगा था। वहीं उसके गुमशुदगी की प्राथमिकी भी कोतवाली नगर में दर्ज कराई गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार युवक और उसके परिवार पर लड़की को खोजकर लाने का दबाव बना रहा थे, जिससे वह काफी परेशान था। वहीं अंकित ने बताया कि वह गाड़ी की कमानी की मरम्मत करने का काम करता था। शुक्रवार की रात करीब 11:30 बजे खाना लेकर छत पर अपने कमरे में चला गया। इस दौरान उसकी ससुराल वालों से बात हुई। ससुराल वालों ने अपनी बेटी खोजने का दबाव बनाया। तनाव के चलते उसने घर में फंदा लगाकर जान दे दी।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।