एटा में युवक ने फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली। KVS में शिक्षक पद के लिए दी गई परीक्षा की आंसर की आई थी। उसमें अच्छा परिणाम नहीं दिखा तो निराश था। घर वालों को पता चला तो चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोग परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
उत्तर प्रदेश के एटा में शनिवार को शिक्षक की नौकरी का परीक्षा परिणाम खराब आने से आहत युवक फंदे से झूल गया। वह बीएड का प्रशिक्षण लेकर शिक्षक की नौकरी की तैयारी कर रहा था। 32 वर्ष उम्र हो जाने के बावजूद नौकरी न मिलने से वह निराश था।
विज्ञापन
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकर नगर का है। यहां के निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी (32) ने शनिवार की सुबह करीब 8 बजे फांसी लगाकर जान दे दी। छोटे भाई मोहित ने बताया कि सुबह करीब सात बजे सभी लोग चाय पी रहे थे। भाई ने पिता से कहा कि शायद अब नौकरी नहीं लग पाएगी, वह काफी निराश थे। पिता के काम पर जाने के बाद मां खाने की तैयारी करने लगी। मैं भी निकल गया था। इसी बीच अंगोछे का फंदाकर अमित ने खुदकुशी कर ली।
मां रसोई में खाना बना रही थी
आहट महसूस होने पर रसोई में खाना बना रही मां विजय लक्ष्मी ने अंदर देखा तो अमित पंखे की हुक से फंदे पर लटका मिला। जबकि, कुंडी अंदर से बंद थी। आस-पड़ोस के लोग अंदर आ गए। कमरे के जंगले को तोड़कर दरवाजा खोला गया। तब तक अमित की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हम लोगों ने पोस्टमॉर्टम नहीं कराया।
केवीएस में शिक्षक पद की आंसर की में अच्छा प्रदर्शन नहीं दिखा
बताया कि भाई ने बीएड के बाद CTET और TET भी क्वालीफाई किया था। पिछले महीने केंद्रीय विद्यालय संगठन में शिक्षक पद के लिए परीक्षा दी थी। दो दिन पहले इसकी आंसर की जारी की गई। उसमें प्रदर्शन अच्छा न दिखने पर अवसाद में आ गए थे। कोतवाल डॉ. सुधीर कुमार राघव ने बताया कि आंबेडकर नगर में आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर परिजनों ने बताया कि दो-तीन दिन से अमित तनाव में था। इसलिए, ऐसा कदम उठाया है। परिजनों की ओर से पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया।