रोडवेज बस स्टेंड पर सुबह से उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सोमवार को शहर में भीड़ का आलम रहा। सड़कों पर वाहनों की कतार लगी रही। वहीं बस स्टैंड पर यात्रियों का रेला दिखाई दिया। होली पर्व के बाद घरों से लौट रहे लोगों के चलते यह भीड़ बढ़ रही है।
होली पर्व से लौट रही यात्रियों की भीड़ के सामने परिवहन निगम की वाहन व्यवस्था बौनी पड़ रही है। सोमवार को सुबह से ही रोडवेज बस स्टेंड पर यात्रियों का रेला रहा। बसों की कमी से परेशान सैकड़ों लोग सड़कों पर ही अन्य डिपो की बसों का इंतजार करते दिखाई दिए। लेकिन पीछे से आ रही बसें खचाखच होने के चलते अधिकांश बस स्टेंड के अंदर नहीं जा रहीं थी। ट्रक, टैंकर भारी वाहनों पर लोग लिफ्ट लेने को मजबूर थे।
पर्व पर बढ़ी डग्गामार वाहनों की संख्या
जिले में डग्गामार वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा। होली पर्व पर इनकी संख्या और बढ़ गई है। सर्वाधिक परेशानी नकली रोडवेज से हो रही है। आगरा-कासगंज मार्ग पर दिन भर इन फर्जी रोडवेज (निगम के रंग में रंगी) बसों की लाइन रहती है। रंग से भ्रमित करने वाले इन संचालकों ने बसों पर उत्तर प्रदेश परिवहन की तर्ज पर उत्तर प्रदेश परमिट भी लिखा रखा है।
यात्रियों के लिए दिल्ली मार्ग पर सौ बस लगाई गई हैं। बस स्टेंड पर तैनात टीम यात्रियों की सुविधानुसार विभिन्न मार्गों पर वाहनों की व्यवस्थाएं कर रही है। पर्व के बाद लौट रहे लोगों के चलते यात्रियों की भीड़ बढ़ी है।
- संजीव कुमार, एआरएम