एटा। यूपी बोर्ड परीक्षा परीक्षा वर्ष 2022 के लिए केंद्र निर्धारण किया जाना है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से विद्यालयों की जियो लोकेशन मांगी गई, लेकिन 184 विद्यालयों की गलत लोकेशन अपडेट कर दी गई है। ऐसे विद्यालयों की सूची परिषद की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजी गई है।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र प्रयागराज ने 10 दिसंबर को 184 विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराई है। परिषद के अनुसार विद्यालयों की लोकेशन एक से 20 किमी दूर दिखाई गई है। इनकी सही लोकेशन उपलब्ध कराने के निर्देश नोडल प्रभारी, प्रधानाचार्य को दिए गए हैं। यह भी कहा गया है कि सूची में गलत लोकेशन दिखाए जाने वाले विद्यालयों का मिलान कर दो दिन के अंदर विद्यालय की लोकेशन अपने मोबाइल से अपडेट कराएं। किसी भी दशा में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से लोकेशन अपडेट नहीं कराई जाएगी। यदि किसी प्रकार की कोई कमी पाई जाती है तो इसके लिए संबंधित नोडल प्रभारी उत्तरदायी होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक मिथलेश कुमार ने बताया कि 184 विद्यालयों की गलत जियो लोकेशन भेजी गई है। इसका शासन से पत्र और सूची प्राप्त हुई है।
विद्यालयों को काली सूची में डालने की चेतावनी
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सही जियो लोकेशन अपडेट नहीं कराने वाले प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को पत्र भेजा गया है। कहा गया है कि नोडल प्रभारी प्रधानाचार्यों का सहयोग करें और विद्यालय का यूजर आईडी पासवर्ड उपलब्ध कराया जाए। चेतावनी दी गई है कि सहयोग नहीं करने वाले प्रबंधक और प्रधानाचार्यों से संबंधित विद्यालयों को काली सूची में डालते हुए सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज को कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।