एटा। थाना अलीगंज के गांव अगौनापुर में एक महिला का बुधवार को फंदे से लटकता शव मिला। जानकारी मिलते ही मायके से लोग घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पिता ने दामाद सहित अन्य सुसरालीजन पर हत्या का आरोप लगाया है।
गांव भाऊपुरा थाना सिढ़पुरा निवासी ओमकार सिंह ने बताया कि बेटी राधा का विवाह 28 नवंबर 2019 को गांव अगौनापुर निवासी शिवम के साथ किया था। उस समय सामर्थ्य के अनुसार दहेज और घर-गृहस्थी का सामान भी दिया था। कुछ दिन बाद ही शिवम और उसके घरवाले राधा को दहेज के लिए परेशान करने लगे। कभी 4 पहिया वाहन तो कभी प्लाॅट लेने के लिए रुपये मांगते थे, मना करने पर बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
राधा के दो बेटे हैं। बड़ा 4 वर्ष का और छोटा 1.5 वर्ष का है। बताया कि शिवम राधा को पिछले तीन दिन से परेशान कर रहा था। घर से रुपये न लाने पर धमकी देते हुए बुरी तरह से पीटा था। जिसकी जानकारी राधा ने फोन कॉल के माध्यम से मायके में दी थी। हम लोगों को लगा कि मामला सुलझ गया होगा। मगर बुधवार को जानकारी मिली कि राधा का शव फंदे से लटकता मिला है।
जब पहुंचे तो उसको उतारकर नीचे रख लिया गया था और ससुराल का कोई भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था। सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। मौत का सही कारण को रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल कर रही है।