एटा। विषाक्त पदार्थ निगलने से महिला की हालत बिगड़ गई। ससुरालीजन ने सूचना मायके में दी तो परिजन पहुंचे और पति पर विषाक्त पदार्थ देने का आरोप लगाया है। मामला जसरथपुर थाना क्षेत्र के गांव नदराला का है। महिला का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है और अभी तक होश नहीं आया है।
गांव गैसिंगपुर निवासी शमशुल खान ने बताया कि भतीजी नशरूम का निकाह 8 वर्ष पूर्व गांव नदराला निवासी बदरुल खान के साथ किया था। सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज व गृहस्थी का सामान भी दिया। नशरूम पर एक बेटी और 2 बेटे हैं। रविवार की शाम हम लोगों को सूचना मिली कि भतीजी की तबीयत ज्यादा खराब है। नदराला पहुंचे और बेटी से बात की तो उसने बताया कि पति बदरुल ने जहर खिलाया है। जब तक वह कुछ और बोल पाती बेहोश हो गई।
गाड़ी के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाए तो चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां इमरजेंसी में लाए तो उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है और इलाज चल रहा है। शमशुल ने बताया कि लगभग 24 घंटे हो चुके हैं मगर नशरूम ने आंखें नहीं खोली हैं। उसके होश में आने के बाद ही जहर खिलाने के बारे मेें कुछ सही पता लग सकेगा। फिलहाल पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।