एटा। थाना रिजोर क्षेत्र के एक गांव की महिला की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके मायके पहुंचा। परिजनों ने महिला के प्रेमी पर गर्भपात करवाने का गंभीर आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को समझा-बुझाकर शव का अंतिम संस्कार करवाया।
नगला मिश्री निवासी शिवा (32) का विवाह हरियाणा राज्य के रेवाड़ी निवासी सुनील के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद मृतका अपने पति को छोड़कर मायके में रहने लगी। यहीं उसका गांव के ही अश्वनी नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध हो गया। दोनों पिछले डेढ़ वर्ष से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। करीब दस दिन पहले शिवा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसका प्रेमी अश्वनी उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में लेकर आया। यहां हालत बिगड़ने पर उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया। शनिवार की देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के मामा रजनेश ने बताया कि जब वह बाजार से लौटे तो शिवा ने पेट दर्द की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के अश्वनी ने उसका गर्भपात करवाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। अश्वनी उसे पहले मेडिकल कॉलेज ले गया। वहां से आगरा ले गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रजनेश ने यह भी बताया कि अश्वनी और शिवा एक साल से प्रेम संबंध में थे और साथ रह रहे थे।
मृतका ने पूर्व में अपने पति सहित मामा और मां पर मारपीट व प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला के दो बच्चे हैं। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने आखिरकार शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ सकीट नीतिश गर्ग ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोगों को समझा बुझाकर मृतका अंतिम संस्कार कराया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।