जलेसर। नगर के मिनी औद्योगिक आस्थान में एक महिला उद्यमी की पिटाई कर अपराधी नकदी से भरा बैग छीनकर भाग गए। घटना के बाद से औद्योगिक आस्थान के उद्यमियों में भय है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़िता रेखा देवी ने बताया कि कि मिनी औद्योगिक आस्थान में उनका आरओ पानी का प्लांट है। मई महीने में उनके प्लांट से कुछ कैंपर चोरी हो गए थे। शनिवार की शाम 6:30 बजे रोहित यादव उसका पिता राजेंद्र सिंह यादव व मुकुल यादव, प्रांशु यादव व उनके कुछ साथी चोरी हुए कैंपर में पानी लेने प्लांट पर आये थे। रेखा ने अपना कैंपर पहचान लिया और पूछताछ करने लगीं।
इस पर रोहित और उसका पिता राजेंद्र गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पीटने लगे। बचाने आयी उनकी 16 वर्षीय पुत्री हिमांशी और लगभग 80 वर्षीय पिता देवकीनंदन को भी आरोपियों ने पीटा।
महिला का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और उनके हाथ से बैग छीनकर ले गए। बैग में गाड़ियों की चाबियां और लगभग 10 हजार रुपये रखे थे। सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटना की जांच करने के बाद पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।