एटा। गांव रामनगर निवासी महिला खेत से पति को खाना देकर लौट रही थी। रास्ते में सड़क पार करते समय लोडर वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद लोडर वाहन चालक भाग गया।
कोतवाली देहात के गांव रामनगर निवासी पहलवान सिंह ने बताया कि परिवार की चाची जयकुमारी (60) मंगलवार की शाम खेत पर पति भूदेव सिंह को खाना देने गई थीं। वहां से देर शाम लौटते समय सड़क पार कर रही थीं। उसी समय एक लोडर वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह देखकर आसपास के लोगों ने परिजन को सूचना दी। परिजन उनको मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोडर वाहन चालक की तलाश कर रही है। महिला की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया है।