एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के एक नर्सिंग में प्रसव कराने के लिए महिला को लाया गया। इस दौरान महिला की हालत बिगड़ने पर उसे दूसरे हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। इसके बाद मां की भी जान चली गई। महिला के ससुर ने कोतवाली नगर में मामले की तहरीर दे दी है।
थाना बागवाला क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी सत्यपाल सिंह का आरोप है कि पुत्रवधू पूजा (22) पत्नी धनपाल को प्रसव पीड़ा हुई तो जीटी रोड स्थित एक नर्सिंग होम पर लेकर पहुंचे। यहां पर नर्सिंग संचालिका ने इलाज करने की पूरी गारंटी ली और खून कम होना बताया। खून की व्यवस्था करने के लिए 20 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद इलाज के नाम पर भी रकम ली गई।
आरोप है कि पुत्रवधू की ज्यादा तबियत बिगड़ने पर किसी अन्य हॉस्पिटल में इलाज कराने के लिए भेज दिया गया। दूसरे अस्पताल में ले जाने के दौरान रास्ते में ही गर्भस्थ शिशु और मां की मौत हो गई। आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई।
इसकी वजह से मौत हुई है। पूजा की मौत के बाद शव को लेकर परिजन वापस नर्सिंग होम पहुंच गए और हंगामा किया। इस पर नर्सिंग होम स्टॉफ ने डायल 112 को खबर देकर बुला लिया, कोतवाली नगर पुलिस भी पहुंच गई और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया।
सत्यपाल की ओर से लापरवाही से इलाज करने और पोस्टमार्टम कराने की तहरीर दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया है कि इलाज में लापरवाही बरतने और पोस्टमार्टम कराने की तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर कार्रवाई की जाएगी।