एटा। थाना मलावन क्षेत्र में जीटी रोड स्थित मनोहर सिंह इंटर कॉलेज पवांस के सामने भूपेंद्र सिंह (50) पुत्र रामस्वरूप निवासी खिरिया सलेमपुर थाना कुरावली जिला मैनपुरी का शव बुधवार की सुबह मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं दूसरा शव मंगलवार की देरशाम थाना मिरहची क्षेत्र के गांव चोईया के जंगल में गिरवर (55) पुत्र मोहन सिंह निवासी नगासी थाना उसहैत जिला बदायूं का पड़ा मिला। पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम कराए हैं। मलावन क्षेत्र में मिले शव को लेकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
मृतक भूपेंद्र सिंह के पुत्र ललित का कहना है कि उसके पिता मंगलवार को मथुरा जाने की कहकर घर से करीब 11 बजे निकले थे। पिता जब घर पर ही थे तभी कस्बा कुरावली निवासी एक व्यक्ति का फोन आया था। मंगलवार की रात करीब 10 बजे पिता से फोन पर बात हुई तब उन्होंने बताया कि वह लौट कर आ रहे हैं।
वह रास्ते में ही हैं। सुबह सड़क किनारे शव मिला है। पिता के शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं हैं, सिर के नीचे लगा हुआ थैला मिला था। पिता की हत्या होने की आशंका है। पुलिस को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए लिखित में सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार सिंह ने बताया है कि जिस स्थिति में सड़क किनारे शव मिला है।
उससे हादसा होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उधर, थाना मिरहची क्षेत्र में मिले गिरवर सिंह का शव गांव चौईया निवासी राजवीर सिंह के खेत में काली नदी के किनारे मिला है। गिरवर गांव के ही राकेश पुत्र होरी लाल के यहां रहकर खेतीबाड़ी का कार्य करता था। प्रभारी निरीक्षक सीताराम सरोज ने बताया है कि मृतक तीन वर्ष से राकेश के यहां रह रहा था। शव संदिग्ध हालात में मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा, तभी कार्रवाई की जाएगी।