एटा के कोतवाली देहात के गांव नगला समन में सोमवार की देर रात दो पक्षों के मध्य किसी बात के कारण लड़ाई-झगड़ा हो गया। बात बढ़ी तो दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। शोर सुनकर घर से बाहर निकली महिला के गोली लग गई। गंभीर हालत में उसको मेडिकल कॉलेज लाया गया, यहां से चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
नगला समन निवासी गोविंद यादव ने बताया कि गांव में दो पक्षों के मध्य विवाद हो रहा था। शोर सुनकर मां कुसुमा देवी घर के बाहर दरवाजे पर आ गईं। तब तक विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ही पक्ष एक दूसरे के साथ मारपीट करते हुए जान लेने पर उतारू हो गए। दोनों ही ओर के युवक तमंचा निकालकर फायरिंग करने लगे। इसी बीच एक युवक ने गोली चलाई जो दरवाजे पर बैठी मां के सिर में आकर लगी।
गोली लगते ही मां गंभीर रूप से घायल हो गईं और लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। चीख सुनकर परिजन घर से बाहर निकले और गंभीर रूप से घायल मां को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। रोहित ने रोते हुए बताया कि मां की आंख और चेहरा गोली लगने से खराब हो गया है। इस समय जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।
एएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि नगला समन में महिला के गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।