एटा। शासन की ओर से जिले के सभी किसानों के लिए फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है। उप कृषि निदेशक सुमित कुमार ने बताया कि 1 मई से बिना किसान पहचान पत्र के किसी भी कृषक को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि खाद व अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जा रहा है जिसे आईएफएमएस पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। इससे योजनाओं का संचालन पारदर्शी व पूरी तरह डिजिटल तरीके से किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक के अनुसार 31 मई के बाद कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग की सभी लाभार्थी योजनाओं में किसान पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया जाएगा। भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की धनराशि भी केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी जिनके पास वैध फार्मर आईडी होगी। फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसान लेखपाल, कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक या जन सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक की प्रति और आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होगा।