उत्तर प्रदेश के एटा में सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति ने पत्नी को माैत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को खेत में ले जाकर जला दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एटा के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी राजेश प्रताप सिंह को साथी सहित कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इसने 13 दिन पूर्व पत्नी को मारकर शव जला दिया था। आरोपी ने मृतका से प्रेम विवाह किया था।
विज्ञापन
मोहल्ला वसंत विहार थाना नौबस्ता जिला कानपुर नगर निवासी निर्मला मिश्रा ने सोमवार को कोतवाली नगर में राजेश प्रताप सिंह निवासी नगला जवाहर थाना रिजोर हाल निवासी प्रेमनगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें लिखा कि राजेश ने अपने परिजन व साथियों के साथ मिलकर बेटी प्रगति मिश्रा की हत्या कर दी है और शव को जला दिया है।
सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की गहनता से छानबीन करते हुए आरोपी राजेश प्रताप सिंह व उसके साथी शोभाराम को गिरफ्तार कर लिया। इसकी निशानदेही पर अस्थियों के अवशेष व अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
विज्ञापन
पूछताछ में राजेश ने गला दबाकर हत्या करने व शोभाराम निवासी नगला जवाहर के ट्रैक्टर से शव को खेत में ले जाकर जलाने की बात स्वीकार की है। बताया कि आए दिन होने वाले विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया।