एटा। थाना राजा का रामपुर में अमित कुमार जौहरी निवासी राधेपुरम कॉलोनी थाना कोतवाली नगर ने अदालत के आदेश पर सुनील कुमार निवासी थाना व कस्बा राजा का रामपुर सहित 8 व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि इन सभी ने जान लेने के प्रयास में तमंचे से फायर किया। सोने की चेन और पर्स गिर गया जिसको चुरा कर ले गए।
अमित कुमार जौहरी ने बताया कि वह मूल रूप से राजा का रामपुर के रहने वाले हैं। गांव के अंदर पड़ोस के ही संतोष पाठक, अनुज पाठक, सुनील पाठक, पवन पाठक और अश्वनी पाठक ने मेड़ तोड़कर जबरन हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है और बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं। 26 नवंबर को दिन में कस्बा के बाईपास रोड पर इन लोगों के साथ ही 2 अज्ञात लोग मिले और घेरकर गालियां देने लगे। विरोध करने पर हाथ में लिए हुए तमंचे से जान से मारने के लिए सीधा फायर झोंक दिया, किसी तरह जमीन पर गिरकर जान बचाई।
इस बीच गले से सोने की चेन और जेब में रखा हुआ एक पर्स घटना स्थल पर गिर गया, जिसको यह लोग चुरा ले गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया कि अदालत के आदेश पर रिपोर्ट लिखकर जांच शुरू करा दी गई है।