शहर के पटियाली गेट इलाके में भारत की जीत का जश्न मनाते युवा।
- फोटो : शहर के पटियाली गेट इलाके में भारत की जीत का जश्न मनाते युवा।
एटा। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के तहत रविवार को भारत-पाकिस्तान के बीच हुए मैच का रोमांच लोगों के सिर चढ़कर बोला। लोग एक-एक बॉल को देखने के लिए टीवी के सामने डंटे रहे। पहली पारी में पाकिस्तान के विकेटों की पतझड़ के बीच खूब तालियां बजीं, दूसरी पारी में कोहली ने मारा चाैका तो उछल पड़े लोग, फोड़े पटाखे और डांस किया। जीत के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों ने पटाखे चलाकर जश्न मनाया।
भारत-पाक के मैच को लेकर लोग सुबह से ही लोग उत्साहित दिखे। क्रिकेट प्रेमी इस मुकाबले का भरपूर आनंद लेने के लिए सड़कों पर रुककर खड़े होकर मैच देखते नजर आए। रविवार को अवकाश के दिन लोग घरों पर ही थे और इस मैच को अपने परिवार और दोस्तों के साथ आनंद के साथ देखा। व्यापारी वर्ग के लोग अपने प्रतिष्ठानों पर टीवी, मोबाइल के जरिए मैच का मजा लेते नजर आए।
भारत ने पहले बॉलिंग कर अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया। लगातार पाकिस्तान के विकेट गिरते रहे तो लोगों ने शोर मचाते हुए खूब तालियां बजाईं। इसके बाद जवाब में उतरी भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने पाकिस्तान की जीत की सभी संभावनाएं खत्म कर दीं। पहले गिल तो इसके बाद कोहली ने विकेट पर टिककर रन बंटोरे।
गिल के बाद श्रेयस अय्यर ने कोहली का अच्छा साथ दिया। बाद में भारत का जीतना औपचारिकता ही रह गया था, रोमांच तो कोहली के शतक का था। अंत में कोहली ने चौका लगाकर भारत की जीत पक्की करते हुए शतक बनाकर फैंस को बड़ा तोहफा दिया।
क्रिकेट प्रेमी दिव्य प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को हाईस्कूल की सुबह की पाली में हिंदी की परीक्षा है। मैच के चलते पहले से ही तैयारी पूरी कर ली थी। शहर में बाजार गुलजार रहता है। चहल-पहल रहती है लेकिन रविवार दोपहर से ही सड़क तथा बाजारों में कम भीड़ नजर आई।
आशीष दुबे ने बताया कि उन्हें क्रिकेट जगत के सबसे बड़े मुकाबले का इंतजार था, लेकिन पाक की बेटिंग से रोमांच खत्म हो गया।