जैथरा। थाना क्षेत्र के गांव नगला बैनी में खेत से बाइक निकालने पर एक युवक पर खुरपी से हमला कर दिया। आरोपी को पूर्व में एक हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। हाईकोर्ट में अपील के बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ है। लोगों ने पकड़कर उसे पीट दिया।
सनोज शनिवार दोपहर कई लोगों के साथ लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा। उसके हाथ में एक खुरपी था। वहीं, लोग गांव के सर्वेश को पकड़े हुए थे। सनोज ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 वह पड़ोस के खेत से बाइक निकाल रहा था। तभी खेत स्वामी सर्वेश आ गया। खेत से बाइक निकालने पर गालीगलौज करते हुए हाथ में पकड़ी खुरपी से सिर में कई प्रहार कर दिए। घायल होकर मैं जमीन पर गिर पड़ा। तभी गांव के अन्य लोगों ने आकर सर्वेश को पकड़ लिया।
सनोज ने बताया कि सर्वेश ने करीब ढाई दशक पहले गांव के ही एक व्यक्ति की हत्या फावड़े से काटकर की थी। इसमें सर्वेश को जनपद न्यायालय से आजीवन की सजा हुई थी। हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आया हुआ है। उधर, सर्वेश ने गांव वालों पर पीटने का आरोप लगाया। पुलिस ने सनोज के साथ ही सर्वेश का भी चिकित्सीय परीक्षण कराया है। थाना प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, मिलती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।