एटा। हिंदी पंचांग के अनुसार वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को अक्षय तृतीया महोत्सव मनाया जाता है। हिंदू धर्म में लोग इस दिन सोने-चांदी के बर्तन व अन्य सामानों की खरीदारी करते हैं। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाएगा पर बाजारों में रौनक कम नजर आ रही है।
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है पर सोने के दामों में निरंतर उछाल के कारण व्यापार पर फर्क पड़ेगा। सर्राफा व्यापारी गोविंद वर्मा ने बताया कि लोगों के सोने के भाव पूछने को फोन आ रहे हैं लेकिन अभी तक कोई ऑर्डर नहीं मिला है। पिछले वर्ष लोगों ने अक्षय तृतीया से पूर्व ही आभूषण बनाने के लिए ऑर्डर दे दिए थे। इस बार सोना महंगा होने की वजह से ऑर्डर का अभाव है।
मंगलवार को साप्ताहिक बंदी की वजह से आधा बाजार बंद रहा। बाबूगंज में सर्राफा बाजार खुला रहा। व्यापारियों का कहना है कि सोना महंगा होने से अक्षय तृतीया पर अच्छे व्यापार की उम्मीद कम ही है।
लोग भाव पूछ रहे हैं भाव अधिक होने के कारण हल्के ऑर्डर मिल रहे हैं, पिछली बार की तरह इस बार अच्छे व्यापार की उम्मीद नहीं है। सोने के दाम 99 हजार 370 रुपये का 10 ग्राम है। दाम बढ़ने के कारण ग्राहक खरीदारी में कम रुचि दिखा रहे हैं।-कैलाश सर्राफ, बाबूगंज
गाजियाबाद में रहती हूं, सोने की खरीदारी करने एटा आई हूं। मेरा गांव यहीं है। सोने के दाम आसमान छू रहे हैं सोचा कि अक्षय तृतीया पर कुछ खरीदारी कर लूं। महंगाई की वजह से ऑर्डर करने का मन नहीं था, फिर भी नाक की लोंग का ऑर्डर दे दिया है। -कुसुम देवी, ग्राहक