शहर के नगला पोता मोहल्ला में जलभराव से होकर गुजरती महिला। संवाद
एटा। जिले में रविवार से हो रही बारिश सोमवार को भी जारी रही। प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट घोषित किया। चारों ओर जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों समेत सरकारी कार्यालय परिसरों में जलभराव हो गया। कई जगह कार्यालय भवन में पानी टपकने लगा। लोगों की मुसीबत कम नहीं हुई हैं। मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को पूरे दिन के बाद रात में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सोमवार सुबह के समय तेज बरसात हुई। सुबह करीब 10:30 बजे बारिश थमी तो लोगों को थोड़ी राहत मिली। लोग आवश्यक कार्य के लिए बाहर निकले। दोपहर करीब 2 बजे और इसके बाद 3 बजे फिर से हल्की बारिश होने लगी। शाम को भी इसी तरह रुक-रुक कर वर्षा होती रही।
शहर के जीटी रोड, कचहरी रोड, आगरा रोड समेत अन्य सड़कों पर जलभराव हो गया। वहीं शहर के मारहरा दरवाजा, नगला पोता, किदवई नगर, पुलिस लाइन, नई बस्ती समेत अन्य मोहल्लों में भी जलभराव हो गया। लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज के डायलिसिस केंद्र की छत से पानी टपकने लगा। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिसर में पानी भरा होने की वजह से तीमारदारों को जलभराव से होकर केंद्र तक पहुंचना पड़ा। केंद्र के अंदर कर्मचारी पूरे दिन पानी निकालने में जुटे रहे। कृषि विज्ञान केंद्र अवागढ़ के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि मंगलवार तक जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को भी लोगों को बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
शहर के नगला पोता मोहल्ला में जलभराव से होकर गुजरती महिला। संवाद
शहर के नगला पोता मोहल्ला में जलभराव से होकर गुजरती महिला। संवाद