एटा। पटियाली गेट और पीपल अड्डा क्षेत्र स्थित मयूर विहार, गोविंद नगर व लोधीपुरम, नगरसेन गली में पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के पांच हजार से अधिक लोगों को परेशानी हो रही है। भीषण गर्मी के बीच नलों में पानी नहीं आने से दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों ने जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल कराने की मांग उठाई है।
मोहल्ला के लोगों का कहना है कि पानी की आपूर्ति बंद होने से घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था करना भी चुनौती बन गया है। मजबूरी में लोगों को हैंडपंप और अन्य वैकल्पिक स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्ला निवासी बंटी कुमार ने बताया कि लगातार दो दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण क्षेत्र में बसे करीब एक हजार परिवारों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है, ऐसे में जलापूर्ति बाधित होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि समस्या के संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और नगर पालिका कर्मियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने कहा कि यदि शीघ्र जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत कराएंगे। वहीं पेयजल संकट के चलते लोगों में नाराजगी और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
भीषण गर्मी में पेयजल आपूर्ति बाधित होने से परेशानी कई गुना बढ़ गई है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर नगर पालिका प्रशासन लापरवाह बना हुआ है इतनी भीषण गर्मी में आपूर्ति ठप पड़ी है। - राजेश कुमार, लोधीपुरम
गर्मी के मौसम में दो दिन से आपूर्ति ठप होने से बच्चों को नहाने के लिए हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। दो दिन से पानी न आने के कारण बहुत परेशानी हो रही है। - भावना, मयूर विहार
शिवसिंहपुर से आ रही पाइपलाइन नगरसेन गली में क्षतिग्रस्त हो गई है। जल निगम की मदद से लाइन दुरुस्त कराई जा रही है। जल्द पानी की पाइप लाइन की मरम्मत कराकर पेयजल व्यवस्था सुचारू करा दी जाएगी। - प्रमोद कुमार, जेई जलकल विभाग
राजेश वर्मा
राजेश वर्मा