अवागढ़ में अर्धसैनिक बल के साथ रूट मार्च करते एसडीएम और सीओ। संवाद
- फोटो : ETAH
अवागढ़ (एटा)। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने रविवार को पैरामिलिट्री फोर्स के साथ कस्बा में रूट मार्च किया। लोगों को हर कदम सुरक्षा का अहसास कराते हुए कहा कि वह निर्भीकता से मतदान करें। एसडीएम जलेसर अलंकार अग्निहोत्री और सीओ जलेसर इरफान नासिर खान के नेतृत्व में रूट मार्च थाना परिसर से शुरू किया गया, जो कस्बा के विभिन्न मार्गों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी पहुंचा। एसडीएम ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मर्जी से वोट डालने का अधिकार दिलाने के लिए प्रशासन संकल्पित है।
इसमें किसी भी व्यक्ति को अवरोध नहीं डालने दिया जाएगा। यदि कोई मतदान करने से रोके या किसी के पक्ष में जबरन मतदान करने के लिए दबाव बनाया या फिर प्रलोभन दे तो ऐसे व्यक्ति की तुरंत सूचना दें। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने की आशंका वाले लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। जिन पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सभी लोग चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से कराने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग दें।