विकास खंड सकीट की ग्राम पंचायत इशारा पश्चिमी में लेखपाल और प्रधान द्वारा फर्जी भूमि आवंटन पत्रावली तैयार करने पर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट पर हंगामा काटते हुए प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के नाम एएसडीएम पीके सक्सेना को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान और लेखपाल ने फर्जी भूमि आवंटन पत्रावली तैयार कर एसडीएम के सामने पेश की है। उक्त गांव निवासी करतार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में पत्रावली के संबंध में लोगों को किसी भी प्रकार की सूचना नहीं दी गई, वहीं कोई मुनादी भी नहीं कराई गई। जिन लोगों को भूमि आवंटित की गई वो सरकारी सेवा में कार्यरत हैं या अपने उद्योग धंधे चला रहे हैं। इस मौके पर रवेंद्र सिंह, रिंकू, संजीव कुमार, प्रदीप, मौहर सिंह, अवनीश सिंह, अशोक कुमार, रामविलास, महेश, कृपाल सिंह, करतार सिंह, शेरपाल सिंह, मनीष कुमार, हेम सिंह आदि मौजूद थे।