एटा। कोतवाली नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर में ग्राम पंचायत अधिकारी ने विषाक्त पदार्थ निगल लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई ने हत्या का आरोप लगाया है।
शहर के मोहल्ला अंबेडकरनगर निवासी पीपी सिंह ने बताया कि भाई राघवेंद्र पाल (42) ब्लॉक सकीट क्षेत्र में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात थे। 6 वर्ष पूर्व गांव दरियावगंज जिला कासगंज निवासी दीपशिखा के साथ उनका विवाह हुआ था। एक वर्ष बाद ही आपसी कहासुनी के चलते पत्नी मायके चली गई। डेढ़ वर्ष पहले से यह लोग फिर साथ रहने लगे। 3 माह पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद पत्नी ने राघवेंद्र के खिलाफ केस भी लिखाया था। आरोप लगाया कि भाई के ससुराल पक्ष के लोग जान से मारने की धमकी देते रहते थे।
पीपी सिंह का आरोप है कि दीपशिखा ने अपने परिजन के साथ मिलकर बुधवार को देर शाम भाई को विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या की है। वहीं दीपशिखा ने पुलिस को बताया कि पति राघवेंद्र पाल शराब पीते थे। अभी तक कोई संतान नहीं हुई है। हो सकता है इसी वजह से अवसाद में आकर कुछ खा लिया। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विषाक्त पदार्थ सेवन करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मौत का सही कारण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।