एटा। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में मथुरा में आयोजित 38वीं क्षेत्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर एटा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग में एटा की टीम ने फाइनल में जगह बनाई।
निर्णायक मुकाबला गत वर्ष की ऑल इंडिया विजेता केशवधाम वृंदावन की टीम से हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। पेनल्टी शूटआउट में वृंदावन ने दो गोल किए, जबकि एटा की ओर से भास्कर ने एक गोल किया। इस तरह एटा को उपविजेता बनकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। गोलकीपर सुमित प्रसाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल बचाए। अंडर-14 बालक वर्ग में एटा की टीम ने शुरुआत में नैनीताल से 2-1 से मुकाबला गंवाया। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए शांतिपुरी, उत्तराखंड को 7-0 और नोएडा की टीम को रिकॉर्ड 14-0 से हराया। रजत कुमार ने प्रतियोगिता में कुल 11 गोल कर गोल्डन बूट अवॉर्ड हासिल किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में एटा की टीम उपविजेता और अंडर-17 बालिका वर्ग में तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में ब्रज, मेरठ और उत्तराखंड प्रांत की 16 टीमों ने हिस्सा लिया। सरस्वती विद्या मंदिर एटा को चैंपियनशिप अवॉर्ड भी मिला। राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए एटा के अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के कई खिलाड़ियों का चयन हुआ है। विद्यालय प्रबंध समिति, प्रधानाचार्य, शिक्षकों और खेल विभाग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।