एटा। जनपद में सबसे अधिक यूरिया बेचने और खरीदने वाले 20 लोगों पर प्रशासन की पैनी नजर है। जरूरत से अधिक यूरिया खरीदने वाले किसान और विक्रेताओं पर कृषि विभाग कार्रवाई करेगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कृषि विभाग ने शासन से यूरिया की डिमांड की है। इस पर उच्चाधिकारियों ने जिले की भूमि के आधार पर खपत और बिक्री देखी।
इस दौरान उन्होंने जिले में सबसे अधिक यूरिया विक्रेता और क्रेता की जानकारी ली। इसके तहत 20 लोगों को चिह्नित किया गया, जो सबसे अधिक खरीदारी और बिक्री कर रहे हैं। कृषि उपनिदेशक एमपी सिंह ने बताया कि जनपद में यूरिया की बिक्री को लेकर जांच की जा रही है। जिन लोगों ने सबसे अधिक यूरिया खरीदी या बेची है, उनकी जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
दो हेक्टेयर जमीन पर मिलती है 11 बोरी यूरिया
कृषि विभाग के अनुसार जनपद में अभी मानक के अनुरूप दो हेक्टेयर जमीन वाले किसान को 11 बोरी यूरिया की दी जाती हैं। अगर किसान इससे ज्यादा खरीदता है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।