संवाद न्यूज एजेंसी
एटा/अलीगंज। नयागांव थाना क्षेत्र के ग्राम डांडा में सोमवार तड़के पेड़ के नीचे युवक का शव मिलने से खलबली मच गई। उसके गले में रस्सी से फंदा लगा हुआ था। वहीं पेड़ से भी रस्सी का टुकड़ा बंधा था। हालांकि परिजन ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग (फंदा लगाना) आया है। गांव में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की चर्चाएं हैं।
थाना मलावन क्षेत्र के लाखापुर निवासी 35 वर्षीय राजकुमार मजदूरी करता था। वह शादीशुदा था। वह 23 अप्रैल को नयागांव क्षेत्र में उधारी के पैसे मांगने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन नहीं लौटा।
परिजन ने नयागांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। सोमवार की तड़के बदबू उठने पर ग्राम डांडा के ग्रामीणों को युवक के शव के बारे में जानकारी मिली। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
युवक का शव गर्मी के कारण फूल गया था। उसके गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था। वहीं पेड़ पर भी रस्सी बंधी हुई थी। सिर में चोट प्रतीत होने पर परिजन ने हत्या की आशंका जताई। मृतक के चचेरे भाई अजय यादव के अनुसार राजकुमार ने अपने रिश्तेदार को कुछ पैसे दिए थे जिन्हें वापस लेने वह गया था। आरोप है कि लेनदेन के विवाद में उसकी हत्या कर शव यहां फेंक दिया गया है।
इधर, गांव में चर्चा है कि राजकुमार के अपने रिश्तेदारी में एक लड़की से प्रेम संबंध थे। 16 अप्रैल को उसकी शादी होने के बाद वह परेशान रहने लगा था। इसी के कारण युवक ने आत्महत्या की है। वह अपने पीछे पत्नी, 8 वर्षीय बेटा आशीष और 13 वर्षीय बेटी अंजलि को छोड़ गया है।
सीओ राजेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। प्रेम संबंध के कारण आत्महत्या की बात ग्रामीणों ने बताई है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। तहरीर के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।