मेडिकल व्यापारी से रंगदारी के मुकदमे में धाराएं बढ़ाने की मांग को लेकर जलेसर कोतवाली में हंगामा
जलेसर। कस्बे के दवा व्यवसायी शुभम वार्ष्णेय से दुकान पर मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। तहरीर के अनुसार उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज न करने पर भड़के व्यापारियों ने बुधवार को थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। हंगामा करते हुए व्यापारियों ने मुख्य आरोपी को बचाने का पुलिस पर आरोप लगाया है। इधर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नगर के मोहल्ला पंसारियान निवासी पीड़ित शुभम वार्ष्णेय ने बताया क्षेत्र के गांव भूड़ गड्ढा निवासी सचिन यादव उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था। रंगदारी मांगने की उसके मामा से शिकायत करने पर उसने उसके बेटे को अगवा करने का प्रयास करने के लिए स्कूल जाकर रैकी की। जबरन रंगदारी के लिए दबाव बनाने के लिए सोमवार को उसकी नाला बाजार स्थित दुकान पर आकर पिटाई की। बीच बचाव करने आए हर्षित जैन को भी पीटा गया, बाजार में अन्य दुकानदारों के एकत्रित होने पर सचिन और उसके साथी भाग गए। थाने में तहरीर दिए जाने पर भी पुलिस ने रंगदारी और अपहरण के प्रयास की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। तहरीर के अनुसार उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज न किए जाने पर बुधवार को थाने पहुंचे व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए व्यापारियों ने आरोपी सचिन यादव को बचाने का आरोप लगाया है। व्यापारियों ने तहरीर के अनुसार धाराएं न बढ़ाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। थाने में हंगामा करने वालों में पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि संजीव वर्मा, अमित गुप्ता, विशन वार्ष्णेय, दीपक बंसल, कपिल गुप्ता सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जलेसर। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान पर दवा व्यापारी शुभम वार्ष्णेय को पीटने के मुख्य आरोपी सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। सचिन ने सोमवार को अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचकर शुभम वार्ष्णेय की पिटाई कर दी थी। दवा व्यवसायी के साथ बाजार में हुई घटना के बाद से व्यापारियों में आक्रोश है। थाना प्रभारी संजय राघव ने कहा घटना में शामिल बाकी के हमलावरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद