सकीट (एटा)। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम नगला पुखे में राशन डीलर के चुनाव को लेकर बुधवार को बैठक कराई जा रही थी। इस दौरान शरारती तत्वों ने हंगामा कर दिया। जिसके चलते बैठक को टालना पड़ा।
नगला पुखे, गोपालपुरा व वैशखेड़िया के सस्ते राशन की दुकान के डीलर का चुनाव होना था। इसके लिए बुधवार को रिजोर थानांतर्गत नगला पुखे में बैठक बुलाई गई थी। वैशखेड़िया के अमर सिंह व नगला पुखे के रवि कुमार उम्मीदवार के रूप में अपने प्रस्तावकों व समर्थकों के साथ पहुंच गए। दोनों ही पक्षों के लोग काफी संख्या में थे, जिसके चलते बैठक में अत्यधिक भीड़ हो गई।
खंड विकास अधिकारी फैसल आलम ने पुलिस बल की मदद से दोनों पक्ष के लोगों की अलग-अलग लाइन लगाकर कार्रवाई शुरू कराई। डीलर के लिए हाथ उठवाकर मतदान शुरू कराया। इसी दौरान एक पक्ष के कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों के समझाने और पुलिस बल द्वारा सख्ती करने के बावजूद हंगामा नहीं रुका। जिसके चलते बैठक को स्थगित करना पड़ा। बाद में पुलिस बल ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। बीडीओ ने बताया कि राशन डीलर के चुनाव के लिए बैठक संपन्न नहीं हो सकी। आगे बैठक करने के लिए व्यवस्था पूर्वक कार्यक्रम रखा जाएगा। जिससे बैठक शांति पूर्वक हो सके। संवाद