महारानी लक्ष्मीबाई बालिका इंटर कॉलेज में निरीक्षण करते जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह
एटा। जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की संस्कृत और इंटरमीडिएट की चित्रकला विषय की परीक्षा आयोजित की गई। संस्कृत का मध्यम स्तर का पेपर रहा। वहीं चित्रकला का पेपर आसान रहा।
जिले में हाईस्कूल की संस्कृत विषय की परीक्षा 41 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। सुबह 8ः00 बजे विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड देखकर उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा सुबह 8ः30 बजे से 11ः45 बजे तक आयोजित की गई। इसमें कुल 597 विद्यार्थी पंजीकृत थे जिसमें 551 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। शेष 46 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा देने के बाद विद्यार्थियों ने बताया कि संस्कृत विषय के श्लोक को समझने में दिक्कत हुई। इसके साथ ही कुछ प्रश्न मध्यम स्तर के थे।
वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की चित्रकला विषय का पेपर हुआ। पेपर दोपहर 2 बजे से सांय 5ः15 बजे तक आयोजित की गई। इसमें कुल 2204 विद्यार्थी पंजीकृत थे जिसमें 2027 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। शेष 177 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रही। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा संपंन्न हुई है। किसी भी तरह का सॉल्वर और नकलची नहीं पकड़ा गया है।