अलीगंज के जी.डी. इंटरनेशनल स्कूल में होली महोत्सव कार्यक्रम में प्रस्तुति देते बच्चे। संवाद
अलीगंज। होली से पहले अंतिम शिक्षण दिवस पर नगर के स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों ने जमकर होली खेली। बच्चों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के गुलाल-रंग लगाकर होली खेलते हुए खूब गुलाल उड़ाया। नगर के जीडी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने रंगों से भरी मटकी फोड़कर होली खेली, जो आकर्षण का केंद्र रही।
कक्षा 4 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाटक और समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। बालिकाओं में अनन्या एवं उनकी टीम ने प्रस्तुत गायत्री मंत्र सुनाया। कक्षा 7 और 8 के विद्यार्थियों ने राक्षस-राक्षसियों के स्वरुप में भक्त प्रह्लाद की कथा का मंचन किया। विद्यालय के संस्थापक सुल्तान सिंह यादव एवं उप निदेशक यश कुमार ने अपने संबोधन में होली के पारंपरिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य डॉ. त्रिपुरेश कुमार पांडेय एवं उप प्रधानाचार्य एस.पी. सिंह ने भी विद्यार्थियों को त्यौहार के सामाजिक संदेश से अवगत कराया। कार्यक्रम में ज्योति गुप्ता, नीलम सिंह, दीपक कुमार, विनय गुप्ता, अभय चौहान, ललित पाठक स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।