एटा। विद्युत निगम ने दिवाली पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की तैयारी की है। धनतेरस से भाई दूज तक निर्बाध आपूर्ति दी जाएगी। फॉल्ट होने पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
कंट्रोल रूम (9193304380) या 1912 पर शिकायत आने पर तत्काल खामी को सही कर आपूर्ति शुरू किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम के साथ ही संबंधित अधिकारियों से भी शिकायत की जा सकती है। विद्युत निगम के सभी एसडीओ और जेई से दिवाली पर चौकन्ना रहने को कहा गया है। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता संदीप पांडेय ने बताया कि धनतेरस से पहले ही एटा के साथ हाथरस, कासगंज जिले का दौरा कर सभी अधीनस्थ अधिकारियों को शासन की मंशा से अवगत करा दिया था। दिवाली पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में शासन स्तर से भी मॉनीटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया सभी एसडीओ और जेई से संबंधित बिजली घर पर तैनात रहने को कहा गया है।