एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव पहरइया पर तेज तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे दुकानदार को रौंदते हुए खोखे में जा घुसी। कार में सवार तीनों युवक शराब के नशे में धुत थे। जिनको पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं घायल को हालत गंभीर होने पर फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
अमरौली रतनपुर रोड पर पहरइया गांव के वीरेंद्र का सड़क किनारे खोखा (लकड़ी से बनी दुकान) है। गर्मी के मौसम में वह इसके पास ही सड़क किनारे चारपाई बिछाकर सो जाते हैं। रविवार की रात को भी दुकान बंद करने के बाद चारपाई बिछाकर सो गए। सोमवार को भोर होने से पहले बेकाबू कार उसे रौंदती हुई बिजली के खंभे से टकराती और खोखे में जा घुसी।
कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। खंभे और दुकान से टकराने पर हुई तेज आवाज को सुन खेतों पर काम कर रहे लोगों ने दौड़कर कार में सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए तीनों युवक शराब के नशे में थे।
पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल वीरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए फर्रुखाबाद भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि पकड़े गए तीनों युवक अमरौली रतनपुर के निवासी हैं जो रविवार की रात को नवाबगंज में किसी समारोह में शामिल होकर सुबह के समय वापस आ रहे थे। नशे में होने के कारण कार बेकाबू हो गई, जिस कारण हादसा हो गया। तीनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।