जलेसर। थाना क्षेत्र के गांव नूहखेड़ा में ख़ारिजा नहर के पास बदमाशों ने चाचा-भतीजे को पीटकर बाइक लूट ली। एएसपी व सीओ सहित जलेसर व निधौलीकलां थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
हाथरस जनपद के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पुराकलां निवासी अवनीश कुमार ने थाने में तहरीर दी है। उसके भाई संजीव कुमार बंगाली सिंह ने बताया कि 11 जून 2024 को भाई अवनीश कुमार एवं भतीजा सोनू मेरी भतीजी की शादी की पीली चिट्ठी देने निधौलीकलां थाना क्षेत्र के ग्राम गोकुलपुर में गये थे। शाम लगभग चार बजे पीली चिठ्ठी देकर अपनी बाइक से वापस घर आ रहे थे, तभी जलेसर थाना क्षेत्रांतर्गत गांव नूंहखास में ख़ारिजा नहर के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाश पीछे से आए। डंडे से अवनीश व सोनू को मारने लगे।
जब इन्होंने बाइक नहीं रोकी तो चारों बदमाशों ने बाइक को ओवरटेक कर रुकवा लिया और दोनों को पीटने लगे। जिससे अवनीश के सिर में चोटें आईं हैं। इसके बाद बदमाश इनकी बाइक लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जलेसर और निधौलीकलां पुलिस के साथ एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा और सीओ कृष्णमुरारी दोहरे मौके पर पहुंच गए। सीओ ने बताया कि घटना का अभियोग दर्ज कर लिया गया है। वारदात के खुलासे के लिए कई थानों की पुलिस, स्वाट टीम तथा क्राइम ब्रांच लगा दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।