एटा। थाना बागवाला क्षेत्र में गांव जीसुखपुर के पास मंगलवार की देर शाम एक बाइक ई-रिक्शा से टकरा गई। बाइक पर सवार दंपती व उनका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया। वहां से तीनों की हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। हसनाबाद मंडनपुर थाना बरहन जिला आगरा निवासी लवकुश अपनी पत्नी अंजू और बेटे 4 वर्षीय मासूम देव को लेकर बाइक से अपनी ससुराल सरावल थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज जा रहा था। लवकुश ने अलीगंज रोड पर थाना बागवाला क्षेत्र में जीसुखपुर के पास आगे जा रहे ई- रिक्शा को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी सामने से रोडवेज बस आती दिखी। हड़बड़ाहट में बाइक बेकाबू हो गई और ई-रिक्शा में जा टकराई। जिसमें लोहे की सरिया भरी हुई थीं।
लवकुश की बांह में एक सरिया आरपार हो गई। वहीं उसकी पत्नी अंजू और बेटा देव उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में तीनों ही लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इसके अलावा सड़क हादसों में नितिन कुमार निवासी नेहरू नगर कोतवाली नगर, विजय कुमार निवासी नगला स्वामी थाना एका जिला फिरोजाबाद व अमीर निवासी मोहनपुर बसई जिला कासगंज घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।