एटा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के अंतर्गत दो युवकों ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। इनमें से एक युवक की पत्नी ने 15 दिन पहले खुदकुशी की थी। जिसके पति पर मायके पक्ष के लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव कल्याणपुर निवासी गौतम सिंह ने बताया कि उसके चाचा का 24 वर्षीय बेटा रवि जयपुर में मेहंदी लगाने का कार्य करता था। चार दिन पहले ही वह घर आया था। मंगलवार शाम को उसकी पत्नी से कुछ कहासुनी हो गई। इसी बात को लेकर रवि ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर यहां से आगरा ले जा रहे थे। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला निवरिया निवासी सर्वेश ने मंगलवार शाम घर में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। उसकी पत्नी मीरा ने भी 15 दिन पहले जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी की थी। ग्रामीणों का कहना है कि तभी से सर्वेश उदास रहने लगा था। कोतवाली देहात में मंगलवार को मीरा के पिता कासगंज जनपद के सहावर थाना क्षेत्र के गांव नगला मोहन निवासी लल्लूराम ने सर्वेश सहित चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें मीरा का मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। उत्पीड़न से परेशान होकर मीरा द्वारा खुदकुशी किए जाने की बात कही थी।