एटा/मारहरा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं की मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक महिला के परिजन ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। कासगंज जनपद के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव भोगपुर निवासी महावीर ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि 22 वर्षीय बेटी चांदनी की शादी 2017 में मारहरा क्षेत्र के गांव खकरई निवासी अरविंद के साथ की थी। तीन लाख रुपये व अन्य सामान दिया।
शादी के बाद ससुरालीजन दो लाख रुपये और अपाचे मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर मंगलवार को चांदनी की हत्या कर दी। रात 10 बजे जब गांव में पहुंचे तो पता चला ससुरालीजन अंतिम संस्कार के लिए शव को ले गए हैं। इस पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर ससुरालीजन फरार हो गए। महावीर ने मृतका के पति अरविंद सहित सास-ससुर और जेठ-जेठानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं पोस्टमार्टम हाउस पर मैनपुरी जनपद के औंछा थाना क्षेत्र के कस्बा ज्योती निवासी अयोध्या सिंह ने बताया कि 30 वर्षीय बेटी सरिता की शादी नौ वर्ष पूर्व जैथरा थाना क्षेत्र के गांव लालपुर जहांगीराबाद निवासी पुष्पेंद्र के साथ की थी। ससुरालीजन बेटी को परेशान करते थे। मंगलवार रात 1 बजे बेटी के ससुर रघुवीर ने सूचना दी कि सरिता की हालत ठीक नहीं है। बाद में हमने फोन किया तो किसी ने उठाया नहीं।
बुधवार की सुबह जब बेटी के गांव पहुंचे तो पता लगा कि ससुरालीजन सरिता को आगरा ले जा रहे थे जहां मौत हो गई। गांव में शव आते ही ससुरालीजन फरार हो गए। मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है। जैथरा थानाध्यक्ष डॉ. सुधीर राघव ने बताया महिला की मौत बीमारी से हुई है। मायके पक्ष की मांग पर पोस्टमार्टम करा दिया गया है।